दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा संबल, नगरी शिविर में 60 हितग्राहियों का चिन्हांकन

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगा संबल, नगरी शिविर में 60 हितग्राहियों का चिन्हांकन


धमतरी, 25 जून (हि.स.)। दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को अधिक सुगम, आत्मनिर्भर और सम्मानजनक बनाने की दिशा में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

इसी क्रम में भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), भारत सरकार के सहयोग से नगरी में निःशुल्क सहायक उपकरणों के लिए पंजीयन, चिन्हांकन एवं मापन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक पहुंचे, जहां कुल 163 हितग्राहियों ने भाग लिया। इनमें पात्र पाए गए 60 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हांकन एवं मापन किया गया, ताकि उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें।

शिविर के दौरान जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों द्वारा 6 दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी जारी किए गए, जिससे उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत नगरी के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सदस्यों की उपस्थिति में समग्र शिक्षा विभाग द्वारा चार श्रवण बाधित हितग्राहियों को श्रवण यंत्र तथा दो दृष्टिबाधित हितग्राहियों को श्वेत छड़ी प्रदान की गई। शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा, पार्षदगण, समाज कल्याण विभाग के कर्मचारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति भारत अभियान की शपथ दिलाई तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story