सारथी पारा में नालियों के जाम से सड़कों पर गंदा पानी
वार्डवासियों ने निगम से की कार्रवाई की मांग
धमतरी धमतरी, 06 मार्च (हि.स.)। शहर के सदर दक्षिण वार्ड स्थित गणेश चौक के पास सारथी पारा मोहल्ले में नालियों के जाम होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। पिछले एक माह से निकासी व्यवस्था बाधित होने के कारण वार्डवासी गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। समस्या के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को मोहल्ले के लोग नगर निगम कार्यालय पहुंचे और महापौर रामू रोहरा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
मोहल्ले के निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से पानी की निकासी पूरी तरह से रुक गई है। इसके कारण कई दिनों से नालियों का गंदा पानी सड़कों और गलियों में जमा हो रहा है। विशेष रूप से सार्वजनिक शौचालय के पास और सावित्री बाई के मकान के सामने नालियों का पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है।
वार्डवासियों का कहना है कि गंदा पानी जमा रहने से आसपास गंदगी फैल रही है और मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी मंडराने लगा है। मोहल्ले में अधिकांश घर गलियों के किनारे स्थित हैं, जिससे पानी भरने के कारण लोगों को आने-जाने में भी भारी परेशानी हो रही है। मोहल्ले की सावित्री सारथी, मुस्कान सारथी, जानवी सारथी, गीता सारथी, सावित्री बाई और संतोषी सारथी ने बताया कि पिछले एक महीने से वे इस समस्या से जूझ रहे हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि सुलभ शौचालय के सामने भी गंदा पानी जमा रहता है, जिससे आवाजाही बाधित होती है और आसपास बदबू फैलती रहती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गली में पानी भरे रहने से दैनिक जरूरत के सामान लेने के लिए बाहर जाना भी मुश्किल हो गया है। वहीं पीने का पानी लेने के लिए भी लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से दिक्कत हो रही है।
वार्डवासियों ने निगम प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देकर नालियों की सफाई कराई जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि मोहल्ले के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। सदर दक्षिण वार्ड की पार्षद अनिता अग्रवाल ने कहा कि वार्डवासियों की समस्या से नगर निगम को अवगत कराया जा चुका है। जल्द ही नालियों की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाएगी, जिससे लोगों को राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

