धान खरीद की अव्यवस्थाओं और आदिवासी मुद्दों पर सरकार को घेरा, पटवारी-ड्राइवरों की हड़ताल को कांग्रेस का समर्थन : दीपक बैज
रायपुर, 14 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आज शनिवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा सरकार पर किसानों, आदिवासियों, कर्मचारियों और वाहन चालकों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि, 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत 11 से 15 नवंबर तक प्रदेश के 1500 मंडलों में जन चौपाल आयोजित की जा रही है। इनमें से 1124 मंडलों में 14 नवंबर तक कार्यक्रम संपन्न हो जाएंगे।
धान खरीद को लेकर बैज ने कहा कि, 15 नवंबर से शुरू होने वाली खरीद के लिए केंद्रों में पर्याप्त बारदाने उपलब्ध नहीं हैं और डिजिटल क्रॉप सर्वे व रकबा सत्यापन का काम भी अधूरा है। टोकन ऐप में भी किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि, सरकार किसानों को एमएसपी वृद्धि का लाभ नहीं दे रही है तथा पिछले दो वर्षों के 4366 करोड़ रुपये के बकाया और किसान न्याय योजना की चौथी किस्त के 1700 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है।
15 नवंबर को आयोजित होने वाले जनजाति गौरव दिवस पर उन्होंने कहा कि, आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा किए बिना गौरव दिवस मनाना केवल दिखावा है। उन्होंने तमनार सहित विभिन्न क्षेत्रों में खनन परियोजनाओं और वन भूमि से जुड़े मामलों में आदिवासियों की अनदेखी का आरोप लगाया।
पटवारियों की हड़ताल पर बैज ने कहा कि, सरकार बातचीत के बजाय नोटिस, निलंबन और वेतन रोकने जैसी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने पटवारियों की मांगों का समाधान करने की मांग की।
वहीं, 14 सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवर संगठनों के 'स्टेयरिंग छोड़ो' आंदोलन को कांग्रेस ने समर्थन दिया। बैज ने ड्राइवर वेलफेयर बोर्ड के गठन सहित उनकी मांगें पूरी करने की मांग करते हुए कहा कि, आंदोलन से आम जनता और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

