60 विवेचकों को मिले हाईटेक मोबाइल, डिजिटल होगी पुलिस जांच

WhatsApp Channel Join Now
60 विवेचकों को मिले हाईटेक मोबाइल, डिजिटल होगी पुलिस जांच


सूरजपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। अपराधों की जांच को और प्रभावी, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए सूरजपुर पुलिस ने नई पहल शुरू की है। आज शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने जिले के 60 विवेचकों को हाईटेक स्मार्ट मोबाइल फोन वितरित किए। इन मोबाइल के जरिए अब विवेचक घटनास्थल से डिजिटल साक्ष्य जुटाने और जांच से जुड़े काम तेजी से कर सकेंगे।

पुलिस मुख्यालय, छत्तीसगढ़ नवा रायपुर के निर्देशानुसार यह पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोगों को समय पर न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। हर मामले की जांच निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और कानून के अनुसार होनी चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी विवेचकों को ई-साक्ष्य ऐप का शत-प्रतिशत उपयोग करने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से घटनास्थल की फोटो, वीडियो, लोकेशन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित तरीके से दर्ज किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल साक्ष्य की भूमिका लगातार बढ़ रही है। ऐसे में विवेचकों को तकनीक का जिम्मेदारी और प्रभावी तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है।

नई तकनीक से जांच को मिलेगी गति

हाईटेक मोबाइल मिलने से विवेचक घटनास्थल का डिजिटल दस्तावेजीकरण, साक्ष्यों का सुरक्षित संकलन, वरिष्ठ अधिकारियों से त्वरित समन्वय और जांच से जुड़े अन्य कार्य आसानी से कर सकेंगे। इससे पुलिस की विवेचना को वैज्ञानिक और साक्ष्य आधारित बनाने में मदद मिलेगी।

पुलिस अधीक्षक ने विवेचकों को नवीन आपराधिक कानूनों के प्रावधानों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण जांच करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला एवं बाल सुरक्षा, मजबूत बीट व्यवस्था और यातायात व्यवस्था में सुधार पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story