कोरबा: डिजिटल जनगणना-2027 की शुरुआत, उद्योग मंत्री और महापौर ने मोबाइल से भरा स्व-गणना पत्रक
कोरबा, 25 अप्रैल (हि. स.)। डिजिटल जनगणना-2027 के पहले चरण के तहत कोरबा में जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन और महापौर संजूदेवी राजपूत ने अपने-अपने निवास पर मोबाइल के माध्यम से डिजिटल स्व-गणना पत्रक भरकर इसकी शुरुआत की। दोनों जनप्रतिनिधियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे 30 अप्रैल 2026 तक अपने मोबाइल के जरिए स्व-गणना पत्रक अनिवार्य रूप से भर लें।
मंत्री देवांगन ने कोहड़िया स्थित अपने निवास पर और महापौर राजपूत ने राताखार बस्ती स्थित अपने घर पर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनगणना से जुड़े सभी प्रश्नों के उत्तर दर्ज किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की सुविधा नागरिकों को आसान और पारदर्शी प्रक्रिया उपलब्ध कराती है।
अधिकारियों के अनुसार जनगणना-2027 के पहले चरण में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक नागरिक स्वयं डिजिटल स्व-गणना पत्रक भर सकते हैं। इसके बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक शासन द्वारा नियुक्त और प्रशिक्षित प्रगणक घर-घर जाकर भरे गए विवरणों का सत्यापन करेंगे और मकान सूचीकरण तथा अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करेंगे।
जनगणना के तहत कुल 33 बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी, जिन्हें सेंसेस पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा। इनमें भवन और मकान नंबर, निर्माण सामग्री, मकान का उपयोग और स्थिति, परिवार की जानकारी, सदस्यों की संख्या, सामाजिक वर्ग, पेयजल और बिजली की व्यवस्था, शौचालय और स्नानघर की उपलब्धता, रसोई और ईंधन, इंटरनेट और डिजिटल सुविधाएं, मोबाइल और कंप्यूटर, साथ ही वाहन संबंधी जानकारी जैसे साइकिल, दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि 1 मई से प्रगणक प्रत्येक घर तक पहुंचकर न केवल मकानों की गणना करेंगे, बल्कि नागरिकों द्वारा भरे गए डिजिटल स्व-गणना पत्रक का सत्यापन भी करेंगे। इस दौरान सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि जनगणना का कार्य समयबद्ध और सटीक रूप से पूरा किया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

