जांजगीर-चांपा : प्रधानमंत्री आवास योजना से धीरेंद्र रत्नाकर का पक्का घर बनाने का सपना हुआ साकार
जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री आवास योजना ने जिले के नवागढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम सेमरा निवासी धीरेंद्र कुमार रत्नाकर के परिवार को सुरक्षित और पक्का घर उपलब्ध कराया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम सेमरा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में उन्हें नवनिर्मित आवास की चाबी सौंपी गई। इससे परिवार का वर्षों पुराना पक्के मकान का सपना पूरा हो गया है।
धीरेंद्र कुमार रत्नाकर का परिवार पहले मिट्टी और छप्पर से बने कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दिनों में घर के भीतर पानी भरने और खराब मौसम के दौरान मकान की सुरक्षा को लेकर परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार के लिए पक्का मकान बनाना संभव नहीं हो पा रहा था।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने से अब परिवार को इन परेशानियों से राहत मिली है। सुरक्षित आवास मिलने से परिवार के जीवन में स्थिरता आई है और अब वे बेहतर परिस्थितियों में रह सकेंगे।
धीरेंद्र कुमार रत्नाकर ने आवास मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की पहल उनके जीवन में सुरक्षा और सम्मान के साथ रहने का अवसर प्रदान कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

