धरसीवा में उप पंजीयक कार्यालय का शुभारंभ
रायपुर, 16 सितंबर (हि. स.)। धरसीवा में उप पंजीयक कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) का शुभारंभ बुधवार को विधायक अनुज शर्मा द्वारा किया गया।
इस नवीन रजिस्ट्री कार्यालय के शुरू होने से धरसीवा सहित आसपास के लगभग 60 ग्रामों के निवासियों को अब अपने दस्तावेजों की रजिस्ट्री कराने के लिए रायपुर जिला मुख्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा। यह सुविधा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए समय, धन और श्रम की बचत के साथ-साथ एक बड़ी राहत साबित होगी। अब लोग अपने ही क्षेत्र में सुगमता से रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि, रजिस्ट्री कार्यालय के शुभारंभ के पहले ही दिन 12 दस्तावेजों की रजिस्ट्री सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जिससे कार्यालय में आम जनता के लिए सुविधाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अनुज शर्मा उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष शकुंतला सेन, उपाध्यक्ष दिनेश खुटे, तथा पार्षदगण एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि, यह कार्यालय क्षेत्र के विकास एवं जनसुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विधायक अनुज शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्रवासियों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए यह रजिस्ट्री कार्यालय शुरू किया गया है, जिससे हजारों परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

