बलरामपुर में 15 नवंबर से 54 केंद्रों पर धान खरीद

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में 15 नवंबर से 54 केंद्रों पर धान खरीद


बलरामपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीद शुरू होगी। इसके लिए जिले की 44 समितियों के अंतर्गत 54 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें इस वर्ष शुरू किए जा रहे सिहार, परसागुड़ी, लिलौटी, चेरा और पचावल के पांच नए केंद्र भी शामिल हैं।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने धान की गुणवत्ता और तौल के मापदंड जारी किए हैं। जिला प्रशासन ने किसानों से साफ और अच्छी तरह सुखाया हुआ धान ही खरीद केंद्रों में लाने की अपील की है।

निर्धारित मापदंडों के अनुसार धान में नमी की अधिकतम सीमा 17 प्रतिशत रखी गई है। धान में अकार्बनिक और कार्बनिक विजातीय पदार्थों की मात्रा अलग-अलग एक प्रतिशत से अधिक नहीं होनी चाहिए। अपरिपक्व, सिकुड़े और छोटे दानों की अधिकतम सीमा तीन प्रतिशत, निम्न श्रेणी के धान के मिश्रण की सीमा छह प्रतिशत तथा क्षतिग्रस्त, अंकुरित और चुने हुए दानों की सीमा चार प्रतिशत निर्धारित की गई है।

धान का केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य सामान्य किस्म के लिए 2,441 रुपये और ग्रेड-ए के लिए 2,461 रुपये प्रति क्विंटल है। वहीं, राज्य शासन किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगा।

उपार्जन केंद्रों में तौल के दौरान प्रति बोरा 40 किलोग्राम धान की भर्ती की जाएगी। नए जूट बारदाने का वजन 545 से 626 ग्राम के बीच निर्धारित किया गया है। प्रशासन ने किसानों से तौल के समय धान की मात्रा और बारदाने के वजन पर ध्यान देने की अपील की है।

खरीद केंद्रों में लंबी कतारों और असुविधा से बचने के लिए किसान 'तुहर टोकन' ऐप के माध्यम से घर बैठे टोकन प्राप्त कर सकते हैं। इस वर्ष धान खरीद की प्रक्रिया बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए पूरी होगी। इसके लिए किसानों को स्वयं अथवा अपने नामांकित व्यक्ति को खरीद केंद्र में उपस्थित रहना होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776237 Articles

Share this story