आधुनिक सुविधाओं से सजेगा धमतरी का आडिटोरियम

WhatsApp Channel Join Now
आधुनिक सुविधाओं से सजेगा धमतरी का आडिटोरियम


धमतरी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। शहर में सांस्कृतिक, शैक्षणिक और सामाजिक आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधा विकसित करने की दिशा में सिहावा चौक स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक आडिटोरियम का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। बुधवार को महापौर रामू रोहरा और कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने संयुक्त रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।

इस दौरान नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ मुरलीधर पैकरा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान फॉल्स सीलिंग, वातानुकूलन व्यवस्था, आधुनिक साउंड सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था और दर्शक दीर्घा में लगाई जाने वाली कुर्सियों की गुणवत्ता देखी गई। महापौर रोहरा ने स्वयं कुर्सी पर बैठकर उसकी आरामदायक व्यवस्था का परीक्षण किया और दर्शकों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऑडिटोरियम में पर्याप्त बैठक व्यवस्था, उपयुक्त मंच, स्पष्ट ध्वनि, बेहतर प्रकाश, स्वच्छ पेयजल, प्रसाधन, सुगम प्रवेश एवं निकास तथा दिव्यांगजनों के लिए सुविधाजनक पहुंच सुनिश्चित की जानी चाहिए। ऑडिटोरियम के पूर्ण होने से शहर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य मंचन, साहित्यिक गोष्ठियों, शैक्षणिक आयोजनों, सेमिनार, सम्मेलनों और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए व्यवस्थित मंच उपलब्ध होगा। इससे स्थानीय कलाकारों, साहित्यकारों, विद्यार्थियों और सामाजिक संस्थाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, उपयोगिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की सतत निगरानी के साथ विद्युत सुरक्षा, अग्नि सुरक्षा, ध्वनि व्यवस्था और वातानुकूलन जैसी तकनीकी सुविधाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण पूरा होने के बाद सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित और सुविधाजनक आयोजन स्थल मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765240 Articles

Share this story