धमतरी के ठेमली आइलैंड बनेगा नया पर्यटन , गंगरेल में विकास कार्यों का हुआ निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी के ठेमली आइलैंड बनेगा नया पर्यटन , गंगरेल में विकास कार्यों का हुआ निरीक्षण


धमतरी के ठेमली आइलैंड बनेगा नया पर्यटन , गंगरेल में विकास कार्यों का हुआ निरीक्षण


धमतरी, 13 अप्रैल (हि.स.)।गंगरेल डैम में विकसित किए जा रहे प्रस्तावित ठेमली आइलैंड को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने सोमवार को स्थल पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ प्रोजेक्ट की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु एसडीओ सहित संबंधित अधिकारियों से विकास कार्यों की जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान तंजानिया से आए विदेशी सैलानियों ने भी गंगरेल की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया, जिससे क्षेत्र की बढ़ती पर्यटन संभावनाओं की झलक देखने को मिली। मीडिया से चर्चा में रंजना साहू ने कहा कि ठेमली आइलैंड के विकसित होने से छत्तीसगढ़ को एक नया और आकर्षक पर्यटन स्थल मिलेगा। गंगरेल डैम पहले से ही पर्यटकों की पसंदीदा जगह है, अब इस आइलैंड के जुड़ने से धमतरी जिले को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।उन्होंने कहा कि इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। ठेमली आइलैंड को छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जो आने वाले समय में पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story