धमतरी में भीषण गर्मी से जनजीवन प्रभावित, तापमान 40 डिग्री पार
धमतरी, 19 मई (हि.स.)। धमतरी जिले में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित करना शुरू कर दिया है। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से दोपहर के समय शहर की सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं।
भीषण गर्मी और तेज धूप के कारण लोग आवश्यक कामों के अलावा घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। आमतौर पर दिनभर चहल-पहल रहने वाला गोल बाजार और सदर बाजार क्षेत्र भी दोपहर में सुनसान दिखाई देने लगा है। व्यापारी वर्ग के अनुसार अब अधिकांश लोग शाम ढलने के बाद ही खरीदी के लिए बाजार पहुंच रहे हैं। दोपहर के समय बाजारों में ग्राहकों की संख्या काफी कम हो गई है। गर्मी बढ़ने के साथ ही गन्ना रस, लस्सी, जूस और शरबत की मांग में तेजी आई है। शहर के जूस सेंटरों और ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है। लोग गर्मी से राहत पाने के लिए ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। दूसरी ओर तेज गर्मी का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ने लगा है। अस्पतालों में उल्टी, दस्त, डिहाइड्रेशन और लू से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में धूप से बचने, पर्याप्त पानी पीने और जरूरी होने पर ही बाहर निकलने की सलाह दी है। भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं। कलेक्टर ने दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बैलगाड़ी और अन्य पशुओं के सहारे भार ढोने पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि पशुओं को गर्मी से राहत मिल सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

