क्यूसीआई गुणवत्ता मूल्यांकन में धमतरी का गौरव बढ़ा, शासकीय पॉलिटेक्निक प्रदेश में तीसरे स्थान पर
धमतरी, 09 जुलाई (हि.स.)। भारतीय गुणवत्ता परिषद (क्यूसीआई) द्वारा छत्तीसगढ़ के शासकीय पॉलिटेक्निक संस्थानों के गुणवत्ता मूल्यांकन में भोपाल राव पवार शासकीय पॉलिटेक्निक, धमतरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है।
संस्थान की इस उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने प्राचार्य, प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण, नवाचार और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है तथा जिला प्रशासन तकनीकी शिक्षा को और अधिक रोजगारोन्मुख एवं उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए निरंतर सहयोग देता रहेगा।
संस्थान के प्राचार्य अमित मिश्रा ने बताया कि, वर्ष 2026 में उत्तीर्ण 120 विद्यार्थियों में से 100 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न प्रतिष्ठित औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों में चयन हो चुका है, जबकि शेष विद्यार्थियों की चयन प्रक्रिया जारी है। चयनित विद्यार्थियों को न्यूनतम 1.80 लाख रुपये, औसतन 3.03 लाख रुपये तथा अधिकतम 5 लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज प्राप्त हुआ है। विद्यार्थियों का चयन मारुति सुजुकी, नुवोको विस्टा, वेलस्पन (गुजरात), श्री बालाजी इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स (भिलाई), टाटा ईवी मोटर्स, अपोलो बिल्डिंग प्रोडक्ट्स (रायपुर), फिक्सिंग डॉट (रायपुर), केसर अर्थ सॉल्यूशंस (रायपुर), डाइकिन एसी, आइकॉन सोलर (रायपुर), महेंद्र कंस्ट्रक्शन (रायपुर) तथा रिको ऑटो इंडस्ट्री (बावल, हरियाणा) सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों में हुआ है। संस्थान प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों, प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पूर्व विद्यार्थियों और सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों को दिया। संस्थान द्वारा आधुनिक प्रयोगशालाओं का विकास, डिजिटल शिक्षण संसाधनों का विस्तार, कौशल आधारित प्रशिक्षण, उद्योग-संस्थान समन्वय और विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता बढ़ाने पर लगातार विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप गुणवत्ता के विभिन्न मानकों पर संस्थान लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

