रामनवमी शोभायात्रा से पहले धमतरी पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व सुरक्षा का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
रामनवमी शोभायात्रा से पहले धमतरी पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व सुरक्षा का संदेश


रामनवमी शोभायात्रा से पहले धमतरी पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व सुरक्षा का संदेश


धमतरी, 26 मार्च (हि.स.)। रामनवमी शोभायात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को धमतरी पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला। इस फ्लैग मार्च ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। वहीं असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी दी है।

फ्लैग मार्च रक्षित केंद्र धमतरी से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों लक्ष्मी निवास, आंबेडकर चौक, रत्नाबांधा चौक, मकई चौक, सिहावा चौक, बस स्टैंड, अर्जुनी मोड़, नहरनाका चौक होते हुए विंध्यवासिनी मंदिर के सामने संपन्न हुई। मकई चौक से सदर बाजार तक सघन पैदल मार्च निकालकर पुलिस बल ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया एवं असामाजिक तत्वों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

धमतरी पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अड्डेबाजी, गुंडागर्दी, चाकूबाजी, शराबखोरी एवं किसी भी असामाजिक गतिविधियों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शहर में सीसीटीवी निगरानी, रैंडम चेकिंग, पेट्रोलिंग, होटल-ढाबों की जांच और संदिग्ध व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।रामनवमी पर्व के पहले धमतरी एसपी परिहार ने शोभायात्रा मार्गों का स्वयं निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। इसके चलते शोभायात्रा मार्गों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पेड़ों की डालियों एवं अव्यवस्थित बिजली तारों को व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। मार्गों में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई हैं। शोभायात्रा के आगे, पीछे एवं विभिन्न सेक्टरों में पुलिस अधिकारी- कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सादे कपड़ों में पुलिस कर्मी शोभायात्रा में मौजूद रहकर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे। इसके साथ ही सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरी शोभायात्रा की निगरानी की जाएगी।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने आम नागरिकों से अपील की है कि रामनवमी पर्व प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। इंटरनेट मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दें। इस फ्लैग मार्च के दौरान एएसपी शैलेंद्र कुमार पांडेय, अपर कलेक्टर इंदिरा देहारी, एसडीएम धमतरी पीयूष तिवारी, सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी, डीएसपी मोनिका मरावी, मीना साहू, यशकरण दीप ध्रुव, तहसीलदार कुसुम प्रधान, रक्षित निरीक्षक दीपक शर्मा, कोतवाली टीआई राजेश मरई सहित विभिन्न थाना प्रभारियों, डीआरजी, साइबर एवं यातायात पुलिस बल के अधिकारी- कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story