धमतरी को मिली नई महिला पुलिस अधीक्षक, भावना पाण्डेय संभालेंगी कमान

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी को मिली नई महिला पुलिस अधीक्षक, भावना पाण्डेय संभालेंगी कमान


धमतरी, 11 जुलाई (हि.स.)। राज्य शासन के गृह (पुलिस) विभाग द्वारा जारी तबादला आदेश में धमतरी जिले को नई पुलिस अधीक्षक के रूप में भावना पाण्डेय की नियुक्ति दी गई है। अब तक पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (विशेष शाखा) के पद पर पदस्थ रहीं भावना पाण्डेय जिले की नई एसपी होंगी। वहीं वर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार (भापुसे-2015) का तबादला सेनानी, 4वीं वाहिनी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, माना (रायपुर) के पद पर किया गया है।

राज्य सरकार की इस प्रशासनिक फेरबदल सूची के साथ धमतरी पुलिस नेतृत्व में बदलाव तय हो गया है। सूरज सिंह परिहार के कार्यकाल में जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, नशे के खिलाफ अभियान, सड़क सुरक्षा और सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया। कई चर्चित मामलों के सफल खुलासे और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयासों के कारण उनका कार्यकाल उल्लेखनीय रहा। दूसरी ओर, विशेष शाखा में कार्य का अनुभव रखने वाली भावना पाण्डेय से जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को नई दिशा देने की उम्मीद जताई जा रही है। उनके नेतृत्व में धमतरी पुलिस के कामकाज में नई ऊर्जा और कार्यशैली देखने को मिलने की संभावना है।

मालूम हो कि धमतरी जिला बनने के बाद अब तक अनेक पुलिस अधीक्षक ने अपनी सेवाएं दी है। धमतरी पुलिस के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार पुलिस अधीक्षक के रूप में बीपी राजभानु (आईपीएस)05 नवंबर 2019 से 05 जुलाई 2021तक पदस्थ रहे। इसी तरह से प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (सीईपीएस)05 जुलाई 2021 से 06 जनवरी 2022, प्रशांत ठाकुर (आईपीएस)07 जनवरी 2022 से 09 फरवरी 2024, आंजनेय वार्ष्णेय (आईपीएस)09 फरवरी 2024 से 21 अप्रैल 2025, सूरज सिंह परिहार (आईपीएस)21 अप्रैल 2025 से 10 जुलाई 2026 तक पदस्थ रहे।।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story