धमतरी के मकेश्वर वार्ड में 19 लाख से होंगे विकास कार्य, सामुदायिक भवन व शेड निर्माण का भूमिपूजन

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी के मकेश्वर वार्ड में 19 लाख से होंगे विकास कार्य, सामुदायिक भवन व शेड निर्माण का भूमिपूजन


धमतरी, 12 जून (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा शहर के वार्डों में विकास कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। इसी कड़ी में मकेश्वर वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए शिव मंदिर के पास 15.40 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन तथा शिव मंदिर के सामने 3.77 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शेड निर्माण कार्य का आज शुक्रवार काे भूमिपूजन संपन्न हुआ। कुल 19.17 लाख रुपये की लागत से होने वाले इन कार्यों का शुभारंभ महापौर जगदीश (रामू) रोहरा ने किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता निगम सभापति कौशिल्या देवांगन ने की, जबकि लोक निर्माण विभाग के सभापति विजय मोटवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और वार्डवासी उपस्थित रहे। भूमिपूजन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम प्रत्येक वार्ड में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता दे रहा है। उन्होंने कहा कि सामुदायिक भवन बनने से सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा, वहीं मंदिर के सामने बनने वाला शेड श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए सुविधाजनक साबित होगा।

सभापति कौशिल्या देवांगन ने कहा कि जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए शहर के सभी वार्डों में सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विजय मोटवानी ने कहा कि ये निर्माण कार्य क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरतों को पूरा करेंगे और सामाजिक व धार्मिक गतिविधियों को नया आयाम देंगे। कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य निलेश लूनिया, अखिलेश सोनकर, युगल (पिंटू) यादव, हिमानी साहू, पार्षद अज्जू देशलहरे, कुलेश सोनी, हेमंत बंजारे, मेघराज ठाकुर, अनीता अग्रवाल और चंद्रभागा साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story