पंचायत विकास सूचकांक में धमतरी की धमक, मंदरौद ग्राम पंचायत प्रदेश में अव्वल

WhatsApp Channel Join Now
पंचायत विकास सूचकांक में धमतरी की धमक, मंदरौद ग्राम पंचायत प्रदेश में अव्वल


धमतरी, 01 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में पंचायत विकास सूचकांक के तहत धमतरी जिले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। कुरूद विकासखंड की मंदरौद ग्राम पंचायत ने गरीबी मुक्त एवं आजीविका संवर्धन (थीम-1) में 94.4 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि ग्राम स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनभागीदारी और सतत विकास के प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।

जिले की अन्य ग्राम पंचायतों ने भी स्वस्थ पंचायत, जल संपन्न पंचायत और स्वच्छ एवं हरित पंचायत जैसी विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ए प्लस और ए ग्रेड प्राप्त किए हैं। इससे स्पष्ट है कि धमतरी में ग्रामीण विकास योजनाएं जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक लागू हो रही हैं और शासन की प्राथमिकताएं असरदार तरीके से साकार हो रही हैं। उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि राज्य सरकार पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मंदरौद ग्राम पंचायत की सफलता पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है और अन्य पंचायतों को बेहतर कार्यप्रणाली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने मंदरौद ग्राम पंचायत सहित जिले की सभी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली पंचायतों को बधाई देते हुए इसे जनप्रतिनिधियों, पंचायत अमले और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि धमतरी जिला लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन ही इस सफलता का आधार है तथा भविष्य में भी सतत विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर संचालन के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story