धमतरी को मिला दूसरा बॉक्स क्रिकेट मैदान, खेल प्रतिभाओं को मिली नई उड़ान ओ.पी. चौधरी ने किया शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी को मिला दूसरा बॉक्स क्रिकेट मैदान, खेल प्रतिभाओं को मिली नई उड़ान ओ.पी. चौधरी ने किया शुभारंभ


धमतरी, 02 अगस्त (हि.स.)। शहर के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में धमतरी ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जालमपुर वार्ड में नवनिर्मित दूसरे बॉक्स क्रिकेट मैदान का शुभारंभ रविवार को वित्त, वाणिज्यिक कर, आवास एवं पर्यावरण तथा योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने फीता काटकर किया। धमतरी का पहला बॉक्स क्रिकेट मैदान एकलव्य खेल परिसर में बनाया गया था, जबकि दूसरा मैदान अब जालमपुर वार्ड में खिलाड़ियों को समर्पित किया गया है।

उद्घाटन के बाद ओ.पी. चौधरी स्वयं पिच पर उतरे, बल्ला थामा और दमदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उनकी बल्लेबाजी पर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस दौरान महापौर रामू रोहरा ने गेंदबाजी की और बाद में स्वयं बल्लेबाजी करते हुए आकर्षक शॉट लगाए। कार्यक्रम में लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा, जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। इस अवसर पर ओ.पी. चौधरी ने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल सड़कों, भवनों और अधोसंरचना से नहीं होती, बल्कि खेल, संस्कृति और युवाओं के लिए उपलब्ध सुविधाएं भी उसकी तरक्की का आधार होती हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली का विकास करते हैं।

नया बॉक्स क्रिकेट मैदान स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर देगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर ही आधुनिक सुविधाएं मिल सकें और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खिलाड़ियों के साथ समय बिताया और युवाओं से खेलों को जीवन का नियमित हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन और नगर निगम खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि चरणबद्ध तरीके से जिले में आधुनिक खेल अधोसंरचनाओं का विकास किया जा रहा है तथा आने वाले समय में वॉलीबॉल, बैडमिंटन सहित अन्य खेलों के लिए भी बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ और सकारात्मक समाज के निर्माण की मजबूत नींव हैं। ऐसे खेल परिसरों से युवाओं में फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का विकास होगा तथा धमतरी की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान और नई उड़ान मिलेगी। उद्घाटन के साथ ही जालमपुर का यह नया बॉक्स क्रिकेट मैदान जिले के खिलाड़ियों और नागरिकों को समर्पित कर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story