रोजगार मेला में अव्यवस्था, गर्मी में अभ्यर्थी हुए परेशान

WhatsApp Channel Join Now
रोजगार मेला में अव्यवस्था, गर्मी में अभ्यर्थी हुए परेशान


धमतरी, 15 अप्रैल (हि.स.)। नौकरी की उम्मीद लेकर रोजगार मेले में पहुंचे युवा गर्मी के बीच अव्यवस्थाओं से जूझते नजर आए। खुले में बैठने की व्यवस्था और कूलर की कमी के कारण अभ्यर्थियों को पसीना बहाते हुए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। साक्षात्कार लेने वालों के लिए भी ठंडक के समुचित इंतजाम नजर नहीं आया।

15 अप्रैल को लाइवलीहुड कालेज धमतरी में जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिसमें असिस्टेंट मैनेजर, सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव, एकाउंटेंट, डाटा एंट्री आपरेटर सहित अन्य पद के लिए बेरोजगार युवक और युवतियां साक्षात्कार देने पहुंचे थे। इस रोजगार मेले में पंजीकृत सात प्रतिष्ठित नियोक्ता संस्थाएं सम्मिलित हुए। जिसमें माई गेट, दुष्यंत राईस मिल धमतरी, डैटक्रेसी एल एल पी रायपुर, टेक्नो टास्क बिजनेस रायपुर, निशांत बिल्ड कान धमतरी, ब्लूवेन डीपटेक धमतरी, बीपीओ धमतरी उपस्थित रहे। मेले जिले के 242 बेरोजगार युवा सम्मिलित हुए। जिसमें 81 युवाओं का विभिन्न पदों के लिए प्राथमिक चयन किया गया है।

साक्षात्कार देने पहुंचे आवेदक राजू साहू, रामकुमार देवांगन, पंकज साहू ने बताया कि यहां अव्यवस्था का आलम है। जरूरी जानकारी भी नहीं दी जा रही है। गर्मी में कूलर जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव में रोजगार मेले में पहुंचे अभ्यर्थी खुद ही राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। कई युवा कपड़े और कागज से हवा करते हुए गर्मी से बचने का प्रयास करते दिखे। युवाओं को कालेज परिसर के बरामदे में बैठने की व्यवस्था की गई थी। जहां उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। रोजगार की उम्मीद लेकर आए युवाओं को अव्यवस्थाओं के बीच अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। साथ ही साक्षात्कार लेते नियोक्ताओं के लिए भी कक्ष में कूलर की व्यवस्था नहीं की गई थी। व्यवस्था को लेकर युवाओं में नाराजगी देखने को मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story