खेती में तकनीक की नई क्रांति: ड्रोन सेवा शुरू करने वाला देश का पहला जिला बना धमतरी
रायपुर, 31 जुलाई (हि. स.)। कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले ने देश में नई मिसाल कायम की है। धमतरी देश का पहला ऐसा जिला बन गया है, जहां 10 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को संगठित रूप से ड्रोन सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। इस अभिनव पहल के लिए जिले को राज्यस्तरीय सम्मान से नवाजा गया है।
रायपुर में आयोजित सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड के 17वें स्थापना दिवस समारोह में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जिला सहकारिता विभाग के उपायुक्त प्रदीप ठाकुर को सम्मान प्रदान किया। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाओं के माध्यम से किसानों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाने की यह पहल कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने वाली साबित होगी और अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
धमतरी कलेक्ट्रेट परिसर में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के कर्मचारियों को ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान कृषि विशेषज्ञों ने ड्रोन से फसल प्रबंधन, नैनो उर्वरक और कीटनाशकों के वैज्ञानिक छिड़काव, कम समय में अधिक क्षेत्र में कार्य, लागत में कमी और पर्यावरण संरक्षण जैसे पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के बाद लोहरसी, दोनर, खरेंगा, अछोटा, बोड़रा, भोथीडीह, करेली, कुण्डेल, गाड़ाडीह और जुगदेही समितियों ने किसानों को किराये पर ड्रोन सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। इससे किसान कम लागत में आधुनिक और वैज्ञानिक तरीके से खेती कर सकेंगे।
इस सेवा का शुभारंभ 23 जुलाई 2026 को प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित लोहरसी से सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने किया था। उन्होंने किसानों से नई तकनीकों को अपनाने की अपील करते हुए कहा था कि ड्रोन आधारित कृषि से उत्पादन लागत कम होगी और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
धमतरी की इस पहल को इससे पहले राष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना मिल चुकी है। कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में जिले को ड्रोन सेवा के सफल संचालन के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ था।
धमतरी का यह मॉडल सहकारिता, तकनीक और नवाचार के बेहतर समन्वय का उदाहरण बनकर उभरा है। यह पहल डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और सहकार से समृद्धि के लक्ष्य को जमीनी स्तर पर मजबूत करते हुए किसानों को प्रिसिजन फार्मिंग की दिशा में आगे बढ़ा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

