धमतरी डीईओ मधुलिका तिवारी ने शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम सुधारने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी डीईओ मधुलिका तिवारी ने शैक्षणिक गुणवत्ता और परीक्षा परिणाम सुधारने के दिए निर्देश


धमतरी, 06 अगस्त (हि.स.)।धमतरी जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने गुरुवार को विकासखंड नगरी के विभिन्न विद्यालयों का सघन निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की उपस्थिति और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों और प्राचार्यों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, शैक्षणिक कैलेंडर के अनुरूप समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण कराने, नियमित मूल्यांकन तथा बेहतर परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरेगांव में मासिक परीक्षा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, विषयवार अध्यापन और विद्यार्थियों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। अनियमित विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ब्लूप्रिंट के अनुरूप परीक्षा की तैयारी कराने के निर्देश दिए गए। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरगुड़ी में उपचारात्मक (रिमेडियल) कक्षाओं, विद्यालय विकास योजना और विषयवार अध्यापन की समीक्षा की गई।

विद्यार्थियों से चर्चा के दौरान संध्या प्रार्थना सभा नियमित नहीं होने की जानकारी मिलने पर प्राचार्य को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। पीएम श्री श्रृंगी ऋषि सेजेस शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगरी में स्मार्ट बोर्ड और इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से हो रही आधुनिक शिक्षण व्यवस्था की सराहना की गई।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों को रसायन शास्त्र के 'रासायनिक आबंधन' विषय का अध्यापन भी कराया तथा प्रवीण सूची में स्थान बनाने की क्षमता रखने वाले विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें विशेष मार्गदर्शन देने और नीट एवं जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की गंभीर तैयारी के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान सहायक संचालक कीर्ति कुमार साहू और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कलीराम साहू भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story