समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, ‘सुशासन तिहार 2026’ की तैयारियों पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा, ‘सुशासन तिहार 2026’ की तैयारियों पर जोर


धमतरी, 20 अप्रैल (हि.स.)। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय लक्ष्यों के अनुरूप, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अधिकतम लाभ मिल सके।

बैठक में आगामी ‘सुशासन तिहार 2026’ की तैयारियों को लेकर विशेष चर्चा हुई। यह आयोजन एक मई से 10 जून तक जिले भर में आयोजित होगा, जिसके तहत ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में जन समस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 30 अप्रैल तक लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण कर लिया जाए, ताकि शिविरों में प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि शिविरों में भूमि विवाद, बिजली, पेयजल, पेंशन, राशन कार्ड सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए।कलेक्टर ने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर सक्रिय रहने और नियमित भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करने को कहा। उन्होंने पेयजल संकट, हैंडपंप खराबी और विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर दिया। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को हैंडपंपों की नियमित मरम्मत और जल स्रोतों की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण खाद और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, साथ ही कालाबाजारी और जमाखोरी पर कड़ी नजर रखी जाए। खाद्य विभाग को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पारदर्शिता बनाए रखने और हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आदिवासी विकास, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण, पीएमजीएसवाई, जल संसाधन और शहरी विकास विभागों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेन्द्र ठाकुर, अपर कलेक्टर इंदिरा नवीन सिंह सहित सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story