श्रीजगन्नाथ मंदिर में देवउठनी एकादशी पर्व दो दिनाे तक चलेगा, 22 नवंबर को हाेगा तुलसी विवाह

WhatsApp Channel Join Now
श्रीजगन्नाथ मंदिर में देवउठनी एकादशी पर्व दो दिनाे तक चलेगा, 22 नवंबर को हाेगा तुलसी विवाह


जगदलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। रियासत कालीन श्रीजगन्नाथ मंदिर में आज शुक्रवार काे देवउठनी एकादशी तिथि पर श्रृद्धालुओं का तांता लगा रहा। भगवान विष्णु के चार महीने की योगनिद्रा से जागने के पर्व देवउठनी एकादशी 20 नवंबर से तुलसी-सालीग्राम विवाह शुरू हाे जायेगा, यह पूरे कार्तिक माह चलेगा।

इस बार देवउठनी एकादशी पर्व दो दिन मनाया जा रहा है, 21 नवंबर यानी शनिवार को भी देवउठनी एकादशी मनाया जायेगा। चार महीने बाद देवउठनी एकादशी के साथ ही विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और यज्ञोपवीत जैसे मांगलिक कायों की शुरुआत भी होगी। देवउठनी एकादशी को लेकर बाजार में भी रौनक बढ़ गई है। गन्ने, शकरकंद, मूंगफली, आंवला, फल-फूल और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। किसानों ने बताया कि बाजार में गन्ने बकावंड और तोकापाल से मंगाए गए हैं।

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ सदस्य बनमाली पाणिग्रही ने बताया कि 360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज 616 साल पुरानी परंपरानुसार 22 नवंबर को श्रीजगन्नाथ मंदिर परिसर में भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह शुभ मुहूर्त में संपन्न होगा। परंपरानुसार भगवान शालिग्राम की बारात श्रीजगन्नाथ मंदिर से निकलेगी। यह रथ परिक्रमा स्थल, गोलबाजार चौक और दंतेश्वरी मंदिर चौक से होते हुए वापस श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पाणिग्रहण संस्कार कराया जाएगा। इस बार विवाह में वर पक्ष की जिम्मेदारी ग्राम गुरिया निवासी जितेंद्र कुमार पांडे और उनके परिवार, निभाएंगे। वहीं वधू पक्ष की जिम्मेदारी ग्राम सुधापाल निवासी अश्वनी पाणिग्रही और उनके परिवार की होगी।

दंतेश्वरी मंदिर में इस अवसर पर विशेष पूजा-विधान होगा। मंदिर के गर्भगृह से भैरमदेव, षष्ठभुजी और दशभुजी देवी की प्रतिमाओं के साथ विष्णुनारायण कक्ष से शालिग्राम को बाहर लाया जाएगा। इन्हें मनोकामना ज्योत कलश के सामने स्थापित तुलसी चौरे के पास रखकर पूजा-अर्चना की जाएगी।

दंतेश्वरी मंदिर के पुजारी उदयचंद पाणिग्रही ने बताया कि दंतेश्वरी मंदिर के गर्भगृह से भैरमदेव, षष्ठभुजी और दशभुजी देवी की प्रतिमाओं के साथ भगवान विष्णुनारायण भी स्थापित हैं। दंतेश्वरी मंदिर में विशेष पूजा-विधान 21 नवंबर शनिवार शाम को होगी। मंदिर के गर्भगृह में भगवान विष्णुनारायण कक्ष से शालिग्राम को बाहर लाया जाएगा। इन्हें मनोकामना ज्योत कलश के सामने स्थापित तुलसी चौरे के पास रखकर पूजा-अर्चना की जाएगी। पुजारी उदयचंद पाणिग्रही के अनुसार हिंदू पंचांग में देवउठनी एकादशी का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से से जागते हैं।

उन्हाेने बताया कि पंचांग गणना के अनुसार, इस बार 20 नवंबर को सुबह 7:15 बजे कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि शुरू होगी और 21 नवंबर को सुबह 6:31 बजे समाप्त होगी। इसी आधार पर ब्रह्म संप्रदाय के अनुयायी 20 नवंबर को और वैष्णव संप्रदाय के श्रद्धालु 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी मनाएंगे। इस बार देवउठनी एकादशी पर सिद्धि योग, रवि योग, त्रिग्रही योग और भीष्म पंचक जैसे शुभ योग-संयोग बन रहे हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इन शुभ संयोगों में मांगलिक कार्यों की शुरुआत करना अच्छा माना जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780316 Articles

Share this story