नक्सलमुक्त होने के बाद भद्राकाली मंदिर में भक्तों का लगा तांता, बीजापुर पुलिस सतर्क

WhatsApp Channel Join Now
नक्सलमुक्त होने के बाद भद्राकाली मंदिर में भक्तों का लगा तांता, बीजापुर पुलिस सतर्क


बीजापुर, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत होने के साथ ही धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में लोगों की भागीदारी बढ़ती नजर आ रही है। इसी सकारात्मक बदलाव के बीच प्रसिद्ध भद्राकाली माता मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर बीजापुर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है।

जिला पुलिस की ओर से आज साेमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार क्षेत्र के नक्सलमुक्त होने और शांति का वातावरण स्थापित होने के बाद धार्मिक स्थलों पर लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। भद्राकाली माता मंदिर में नवरात्र के दौरान भक्तों की बढ़ती उपस्थिति क्षेत्र में सामान्य जनजीवन की बहाली और धार्मिक गतिविधियों के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाती है। मंदिर परिसर में पुलिस जवान तैनात नवरात्र पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीजापुर पुलिस ने आवश्यक इंतजाम किए हैं।

थाना भद्राकाली के पुलिस जवानों को मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जवान श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रख रहे हैं, ताकि दर्शन के लिए आने वाले लोगों को सुरक्षित वातावरण मिल सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।पुलिस की तैनाती का उद्देश्य मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही आवागमन को सुचारु बनाए रखना भी है। नवरात्र जैसे धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मंदिर समिति भी व्यवस्थाओं में जुटे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर समिति की ओर से भी मंदिर परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। इसका उद्देश्य दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी से बचाना है। पुलिस और मंदिर समिति के प्रयासों से पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। जिले में शांति, सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत होना धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763700 Articles

Share this story