नगरी में दो करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य, बस स्टैंड और खेल मैदान का होगा कायाकल्प

WhatsApp Channel Join Now
नगरी में दो करोड़ रुपये से होंगे विकास कार्य, बस स्टैंड और खेल मैदान का होगा कायाकल्प


धमतरी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। नगर पंचायत नगरी में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और नगरीय अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए दो करोड़ रुपये के विकास कार्यों को प्राविधिक स्वीकृति प्रदान की गई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास, छत्तीसगढ़ द्वारा अधोसंरचना मद से दो महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी दी गई है। इनमें वार्ड क्रमांक-12 में बस स्टैंड का निर्माण और वार्ड क्रमांक-7 स्थित हाईस्कूल खेल मैदान में आवश्यक सुविधाओं का विकास शामिल है। दोनों कार्यों के लिए एक-एक करोड़ रुपये की प्राविधिक स्वीकृति दी गई है। बस स्टैंड का निर्माण होने से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

सुव्यवस्थित बस स्टैंड विकसित होने से यात्रियों के लिए आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा तथा नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में भी सहायता मिलेगी। वहीं, हाईस्कूल खेल मैदान में एक करोड़ रुपये की लागत से प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग कक्ष, गार्ड कक्ष, शौचालय, कारपेट घास और फाइबर शेड सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन कार्यों से खेल मैदान अधिक व्यवस्थित और उपयोगी बनेगा। विद्यार्थियों, युवा खिलाड़ियों और खेल गतिविधियों में भाग लेने वाले नागरिकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में राज्य शासन द्वारा नगरीय क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में नगरी के लिए स्वीकृत ये कार्य स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित किए गए हैं। जारी आदेश में निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने, नियमानुसार सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक अनुमोदन लेने और पारदर्शी निविदा प्रक्रिया अपनाने के निर्देश दिए गए हैं।

तकनीकी मानकों का पालन करने तथा स्वीकृत राशि का उपयोग केवल अनुमोदित कार्यों पर करने की शर्त भी रखी गई है। इसके अलावा, कार्य शुरू होने और पूर्ण होने के बाद जियो-टैग्ड फोटोग्राफ संधारित करने तथा आगामी किश्त के लिए निर्धारित प्रारूप में उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने का प्रावधान किया गया है। इन दोनों विकास कार्यों के पूर्ण होने से नगरी में सार्वजनिक परिवहन और खेल सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही, नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और नगरीय विकास को व्यवस्थित स्वरूप देने में सहायता मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760910 Articles

Share this story