“लक्ष्य के अनुसार काम पूरा करें, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई” : संभागायुक्त दुग्गा

WhatsApp Channel Join Now
“लक्ष्य के अनुसार काम पूरा करें, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई” : संभागायुक्त दुग्गा


बलरामपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। विकसित भारत-जी राम जी और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की प्रगति को लेकर आज शुक्रवार को सरगुजा संभागस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजनाओं के लक्ष्य, अब तक की उपलब्धियों, लंबित प्रकरणों और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। संभागायुक्त नरेन्द्र कुमार दुग्गा ने अधिकारियों को सभी काम समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

सरगुजा संभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में हुई बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव और विकसित भारत-जी राम जी के अपर आयुक्त एस. आलोक ने भी जिलावार लक्ष्य और प्रगति की जानकारी रखी। उन्होंने योजनाओं के कामों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

संभागायुक्त दुग्गा ने कहा कि सरगुजा संभाग अनुसूचित जनजाति क्षेत्र है। ऐसे में शासन की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति, हर घर और हर गांव तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के सीईओ को लक्ष्य के अनुसार शत-प्रतिशत काम पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि काम में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला पंचायत के सीईओ को जनपद सीईओ और मैदानी अमले के काम की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए।

रोजगार और जल संरक्षण के कामों पर जोर

बैठक में विकसित भारत-जी राम जी के तहत जुलाई और अगस्त में सृजित मानव दिवस की समीक्षा की गई। पिछले वर्ष की तुलना में मानव दिवस सृजन की स्थिति कम पाए जाने पर इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

संभागायुक्त ने सभी स्कूलों में शौचालय, मुक्तिधाम में प्रतीक्षालय और शेड निर्माण जैसे जरूरी कामों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। जल संरक्षण और जल संचयन के कामों पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को वर्षा जल को सहेजने, भूजल स्तर बढ़ाने और पानी की बर्बादी रोकने से जुड़े काम समय पर कराने के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू कर समय-सीमा में पूरा करने को कहा गया। एस. आलोक ने विकसित भारत-जी राम जी के तहत अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने और युक्तधारा में प्रस्तावित कार्यों की स्थिति की जानकारी ली।

बैठक में बोरवेल रिचार्ज, मनरेगा के अधूरे काम, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों को 90 मानव दिवस रोजगार, सिक्योर पोर्टल से कार्यों की स्वीकृति और ग्राम पंचायतों में स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा हुई।

पीएम आवास के अधूरे काम जल्द पूरे करने के निर्देश

प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, विशेष परियोजना और पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत और पूर्ण आवासों की स्थिति की समीक्षा की गई।

संभागायुक्त ने शेष आवासों की स्वीकृति सात दिनों के भीतर करने और अधूरे आवासों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। स्वीकृत आवासों की पहली किस्त के लंबित मामलों और भुगतान की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने को कहा गया।

आवास सॉफ्ट में अपात्र किए गए हितग्राहियों, जॉब कार्ड और विभिन्न योजनाओं के अभिसरण की भी समीक्षा की गई। ए, बी और सी श्रेणी के प्रकरणों को चिन्हांकित कर उनके निराकरण के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। आर-सेटी और आरएमटी के तहत प्रशिक्षण की स्थिति की समीक्षा करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर प्रशिक्षण और योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में संभागायुक्त ने कहा कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए। सभी अधिकारी टीम भावना के साथ काम करें और लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करें।

बैठक में उपायुक्त आरके खूंटे, सरगुजा जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, जशपुर सीईओ अभिषेक कुमार, बलरामपुर सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी, एमसीबी सीईओ अंकिता सोम, कोरिया सीईओ योगेंद्र श्रीवास सहित सभी जनपद पंचायतों के सीईओ मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story