देवउठनी एकादशी 20 काे , बाजारों में सजे गन्ने के ढेर, तुलसी विवाह की तैयारियों में जुटे श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
देवउठनी एकादशी 20 काे , बाजारों में सजे गन्ने के ढेर, तुलसी विवाह की तैयारियों में जुटे श्रद्धालु


कोरबा, 19 नवंबर (हि. स.)। शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शहर के बाजारों में गन्ने सहित पूजा-पाठ की अन्य आवश्यक सामग्रियों की दुकानें सज गई हैं। बाजारों में जगह-जगह गन्ने के ढेर नजर आ रहे हैं। लोग तुलसी विवाह और पूजा-अर्चना के लिए खरीदारी में जुटे हुए हैं।

कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवउठनी एकादशी के रूप में मनाया जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। देवउठनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है।

इस दिन तुलसी और भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप का विवाह कराने की परंपरा है, जिसे तुलसी विवाह कहा जाता है। श्रद्धालु सुबह स्नान कर व्रत रखते हैं और घरों में तुलसी विवाह के लिए मंडप सजाते हैं। शाम को गेरू और चावल के घोल से पारंपरिक चौक बनाकर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। पूजा में गन्ना, चावल और सूखी लाल मिर्च सहित अन्य सामग्री अर्पित की जाती है।

देवउठनी एकादशी के साथ ही गन्ने की नई फसल की कटाई और बिक्री का सिलसिला भी शुरू हो जाता है। यही वजह है कि शहर के बाजारों में गन्ने की आवक बढ़ गई है। श्रद्धालु तुलसी विवाह की रस्में निभाने के लिए गन्ने और अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं। पर्व को लेकर बाजारों में रौनक दिखाई देने लगी है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story