उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सहयोग केंद्र में 15 सौ से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की सुनी समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सहयोग केंद्र में 15 सौ से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं की सुनी समस्याएं


रायपुर, 01 जुलाई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में जनसमस्याओं के निवारण और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के लिए संचालित 'सहयोग केन्द्र' की नियमित कड़ी में बुधवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री व गृह मंत्री विजय शर्मा पहुँचे।

इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशभर से आए हजारों पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को बेहद गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सहयोग केंद्र में बुधवार को 250 से अधिक आवेदन आए। साथ ही 1500 से अधिक कार्यकर्ता सहयोग केंद्र में पहुंचे।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जनता के प्रति पूरी तरह जवाबदेह है। भाजपा का 'सहयोग केन्द्र' केवल एक मंच नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच का एक मजबूत सेतु है। यहाँ आने वाले हर कार्यकर्ता की समस्या को न सिर्फ सुना जाता है, बल्कि उसका समयबद्ध और समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। शासन-प्रशासन को पूरी तरह संवेदनशील और पारदर्शी बनाया गया है। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विभिन्न विषयों पर केन्द्रित अपनी मांगें, शिकायतें व सुझाव लेकर पहुँचे थे। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कई मामलों में मौके पर ही मौजूद अधिकारियों और फोन के माध्यम से संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, कार्यालय मंत्री अशोक बजाज और सहयोग केंद्र प्रभारी सच्चिदानन्द उपासने मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story