कांग्रेस नेताओं में कुछ नया सीखने की चाह नहीं, इसलिए जनता ने विपक्ष में बिठाया : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
रायपुर, 20 जून (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज शनिवार को नवा रायपुर निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान सरकार के सुग्घर छत्तीसगढ़ अभियान की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि, भारत सरकार और राज्य सरकार की अनेक हितग्राही मूलक योजनाएं हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में या अन्य कारणों से बहुत लोग उस योजना के लाभ से वंचित रहते हैं।
साव ने कहा कि, इस विषय को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी ने बड़ी गंभीरता से लिया है। और हर एक योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति को दिलाने के लिए सुग्घर छत्तीसगढ़ अभियान शुरू किया है। निश्चित रूप से हम सब मिलकर सरकार की योजनाओं को सौ प्रतिशत पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का काम करेंगे।
साव ने बताया कि, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के द्वारा पिछले दो साल से सभी मंत्री गणों के लिए चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। इसमें देश के बड़े बड़े विषय विशेषज्ञ अपना व्याख्यान प्रस्तुत करते हैं। एक मंत्री के नाते अपने जिम्मेदारी के निर्वहन करने में इन व्याख्यानों का बड़ा लाभ (नीति निर्धारण करने में, योजना बनाने में, योजना के क्रियान्वयन में) सबको मिला। साव ने बताया कि, इस बार भी चिंतन शिविर का आयोजन 4 और 5 जुलाई को आईआईआईएम रायपुर में प्रस्तावित है। इसमें विभिन्न विषयों के विषय विशेषज्ञ आकर हम सब का मार्गदर्शन करेंगे।
वहीं इस शिविर पर कांग्रेस के सवाल पर साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, सीखने की कोई उम्र नहीं होती है। कांग्रेसी सीख नहीं रहे, इसलिए आज उनकी दयनीय हालात हुई है। जनता को भी उन पर तरस नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि, ये खुद अपने जिलाध्यक्षों को प्रशिक्षण कराने जा रहे हैं। सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी को भी प्रशिक्षण की जरूरत पड़ रही है। कांग्रेस की तो दोहरा मापदंड अपनाने की आदत रही है।
साव ने कहा कि, जनता का इनकी बातों पर कोई असर और प्रभाव नहीं पड़ने वाला है। हम लगातार सीखते रहेंगे और हर व्यक्ति मरते दम तक सीखता है। सीखने की चाह होनी ही चाहिए। जिसमें सीखने की चाह खत्म हो जाएगी। वो कुछ नहीं कर पाएगा। इनको मालूम होना चाहिए।
साव ने कहा कि, विश्व योग दिवस कल 21 जून को है। यह भारत के सामर्थ्य का पूरी दुनिया में स्वीकार्यता का एक उदाहरण है। लगभग 180 से अधिक देश कल योग दिवस मनाएंगे। साय सरकार ने सभी जिला मुख्यालयों में योग दिवस आयोजित करने का निर्णय लिया है। कल सुबह 7 से 7:45 बजे तक सामूहिक रूप से योग करेंगे। राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, राज्यपाल, मुख्यमंत्री यह सभी अलग-अलग जिलों में जाकर लोगों के साथ योग करेंगे। अन्य संस्थाएं एवं अन्य संगठन भी योग करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

