धमतरी : घने कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पालकों में चिंता

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : घने कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पालकों में चिंता


धमतरी : घने कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर पालकों में चिंता


सुबह 8:30 बजे तक छाई रही कोहरे की घनी चादर, खेतों में कटी फसल को नुकसान से किसान भी परेशान

धमतरी, 23 नवंबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान अकवान के असर से पिछले कई दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। आसमान में बादल छाने और बारिश के बाद अब जिले में घने कोहरे का असर नजर आने लगा है।

सोमवार सुबह शहर सहित आसपास के ग्रामीण और आउटर इलाकों में कोहरे की घनी चादर छाई रही। स्थिति ऐसी थी कि कुछ मीटर की दूरी पर भी स्पष्ट दिखाई देना मुश्किल हो गया। सुबह करीब 8:30 बजे तक कोहरे का प्रभाव बना रहा। रविवार की तुलना में सोमवार सुबह कोहरा और अधिक घना रहा। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को ऐसा महसूस हो रहा था, मानो वातावरण में धुएं की मोटी परत छाई हो।

कम दृश्यता के चलते मुख्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट जलाकर सावधानीपूर्वक आवाजाही करते नजर आए। सामने से आने वाले वाहन और सड़क किनारे की चीजें स्पष्ट दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका बनी रही। विशेषकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। वहीं सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को लेकर पालकों की चिंता भी बढ़ गई है। घने कोहरे के बीच स्कूली वाहनों के संचालन से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। पालकों को बच्चों की सुरक्षित आवाजाही की चिंता सता रही है।

मौसम की मार से खेती-किसानी के कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। जिले में इन दिनों धान की कटाई-मिंजाई का कार्य जोर-शोर से चल रहा है। ऐसे समय में चक्रवाती तूफान और बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खेतों में कटी फसल सूख भी नहीं पाई थी कि मौसम में दोबारा बदलाव से नुकसान की आशंका बढ़ गई। कई खेतों में धान के करपा रखे हुए हैं। किसान अब संभावित नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। इसका असर धान खरीदी केंद्रों में भी दिखाई दे रहा है, जहां अपेक्षा के अनुरूप किसान उपज बेचने नहीं पहुंच रहे हैं।

किसान रवि कुमार देवांगन और शोभित राम साहू ने बताया कि चक्रवाती तूफान के कारण फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। इस वर्ष उम्मीद के मुताबिक उत्पादन नहीं मिल पाएगा। मौसम की मार से प्रति एकड़ एक से दो क्विंटल तक धान का नुकसान होने की आशंका है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781725 Articles

Share this story