श्यामतराई के विकास कार्यों में गति लाने सांसद रूपकुमारी चौधरी से मांग

WhatsApp Channel Join Now
श्यामतराई के विकास कार्यों में गति लाने सांसद रूपकुमारी चौधरी से मांग


धमतरी, 13 जून (हि.स.)। ग्राम पंचायत श्यामतराई के ग्रामीणों ने पूर्व विधायक रंजना डिपेंद्र साहू के सानिध्य में शनिवार को अग्रसेन भवन में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी को गांव के विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए आवेदन सौंपा।

ग्रामीणों ने बताया कि, गांव की मुख्य निस्तारी नाली अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जिसके कारण बरसात के दौरान थोड़ी सी बारिश में भी गांव जलमग्न हो जाता है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नाली की खराब स्थिति के चलते बरसाती एवं निस्तारी जल का समुचित निकास नहीं हो पा रहा है। ग्रामीणों ने लगभग 500 मीटर लंबी मुख्य नाली के दोनों ओर रिटर्निंग वॉल निर्माण की मांग करते हुए इसे शीघ्र स्वीकृत करने का आग्रह किया। साथ ही बताया कि मुख्य नाली के ऊपर से गुजर रही सिंचाई विभाग की नहर टूटकर नाली में गिर गई है, जिससे पानी का प्रवाह बाधित हो रहा है। इस समस्या के समाधान के लिए वहां पुल निर्माण की आवश्यकता जताई गई। इसके अलावा गांव का मुख्य मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो चुका है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है और ग्रामीणों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने लगभग 500 मीटर लंबे सीसी सड़क निर्माण की मांग भी सांसद के समक्ष रखी।

ज्ञापन सौंपने वालों में उपसरपंच धनंजय साहू, सरपंच डोमेश्वरी खेमलाल साहू, सचिव राजेन्द्र चंद्रवंशी, साधना साहू, भानबाई साहू, धनंजय साहू, गजानंद साहू, गजेन्द्र साहू, बसंत सोरी, सीमा मंडावी, भगवंतीन साहू, तीरथ साहू, ईश्वरी साहू, ईश्वरी ध्रुव, महेश साहू, अमृता मेश्राम ग्राम विकास समिति श्यामतराई के अध्यक्ष टीकाराम साहू, पूर्व सरपंच द्वारका प्रसाद साहू, पूर्व सरपंच बालक राम साहू, अशोक साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story