धान खरीद 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
धान खरीद 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग


धमतरी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ किसान यूनियन जिला धमतरी एवं प्रदेश किसान संघ के पदाधिकारियों द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। किसान संगठनों ने वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य में 117, 69 और 72 रुपये की बढ़ोतरी का लाभ जोड़ते हुए 3358 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद करने की मांग की है।

इसके साथ ही राजीव गांधी किसान न्याय योजना की बकाया चौथी किस्त का भुगतान करने, वर्ष 2024-25 के धान की अंतर राशि 117 रुपये प्रति क्विंटल तथा वर्ष 2025-26 की अंतर राशि 186 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान करने की मांग उठाई जाएगी। किसान संगठनों ने बिजली के अनाप-शनाप बिलों पर रोक लगाने और स्मार्ट मीटर तत्काल हटाकर पूर्ववत सामान्य मीटर लगाने की मांग भी रखी है।

किसानों को धान बेचने में होने वाली परेशानियों को देखते हुए ऑनलाइन गिरदावरी बंद करने और धान विक्रय के लिए ऋण पुस्तिका की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग की जाएगी। इसके अलावा दलहन एवं तिलहन की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को पांच हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से बोनस देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। किसान नेताओं घनाराम साहू, राम निहोरा निषाद और सुदर्शन ठाकुर ने किसानों के हितों से जुड़ी इन मांगों पर शासन का ध्यान आकर्षित करने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765731 Articles

Share this story