भटगांव सड़क चौड़ीकरण की मांग तेज, ग्रामीणों को मिलेगी राहत

WhatsApp Channel Join Now
भटगांव सड़क चौड़ीकरण की मांग तेज, ग्रामीणों को मिलेगी राहत


धमतरी, 20 फ़रवरी (हि.स.)। गोकुलपुर भटगांव चौक से छत्तीसगढ़ महतारी चौक भटगांव तक करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण की मांग को लेकर ग्राम भटगांव के प्रतिनिधि शुक्रवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने कलेक्टर अबिनाश मिश्रा को ज्ञापन सौंप कर इस संबंध में उचित कार्रवाई करने कीमांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में यह सड़क मात्र 3 मीटर चौड़ी है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और आमजन को गंभीर जोखिम उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि यह मार्ग गंगरेल जलाशय और अंगारमोती मंदिर जाने का मुख्य मार्ग है, जिससे पर्यटन सीजन में वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। इसके अलावा सोरम स्थित भंडार गृह निगम के गोदाम, राइस मिल, शासकीय धान खरीदी केंद्र सोरम, भटगांव और कसावाही आने-जाने वाले ट्रैक्टर एवं भारी वाहनों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है। सोरम हाईस्कूल, भटगांव पीएससी, भटगांव आईटीआई और धमतरी कॉलेज आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं का भी इसी सड़क से प्रतिदिन आवागमन रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क संकरी और जर्जर होने के कारण कई गंभीर दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान भी गई है, जबकि आए दिन छोटी-बड़ी घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने कहा कि धमतरी शहर से मात्र चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत होने के नाते सड़क चौड़ीकरण अत्यंत आवश्यक है, ताकि पर्यटक, किसान, विद्यार्थी और मरीज सुरक्षित आवागमन कर सकें।

ज्ञापन सौंपने वालों में भटगांव सरपंच फागू राम साहू, ग्राम समिति से रामाधार साहू, उपसरपंच डामेश्वर ध्रुव, दुष्यंत साहू पंच और योगेश्वर देवांगन शामिल रहे। ग्रामीणों ने शीघ्र सड़क चौड़ीकरण एवं सुधार कार्य शुरू करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story