सार्वजनिक स्थलों पर मिट्टी डलवाने की मांग लेकर जनदर्शन पहुंचे मुजगहन के सरपंच

WhatsApp Channel Join Now
सार्वजनिक स्थलों पर मिट्टी डलवाने की मांग लेकर जनदर्शन पहुंचे मुजगहन के सरपंच


धमतरी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। ग्राम पंचायत मुजगहन में सड़क चौड़ीकरण कार्य के दौरान निकल रही मिट्टी का उपयोग गांव के सार्वजनिक स्थलों के समतलीकरण और भराव के लिए करने की मांग को लेकर मंगलवार को ग्राम पंचायत मुजगहन के सरपंच होमेश्वर साहू कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे। उन्होंने कलेक्टर अविनाश मिश्रा से मुलाकात कर इस संबंध में आवेदन सौंपा।

उन्होंने मांग की कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान निकलने वाली मिट्टी को गांव के मुक्तिधाम, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूलों और रंगमंच भवन सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर डलवाया जाए, ताकि इन स्थानों पर होने वाली जलभराव की समस्या से राहत मिल सके। सरपंच ने आवेदन में बताया कि ग्राम पंचायत मुजगहन में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इस दौरान बड़ी मात्रा में मिट्टी निकल रही है, जिसका उपयोग गांव के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर किया जा सकता है। इन स्थानों पर बारिश के दिनों में पानी भर जाता है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन और दैनिक गतिविधियों में परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि सड़क चौड़ीकरण से निकलने वाली मिट्टी का उपयोग इन स्थानों पर भराव के लिए किया जाता है, तो जलभराव की समस्या को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने बताया कि गांव के कई सार्वजनिक स्थलों पर मिट्टी की आवश्यकता है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक मिट्टी डलवाने की व्यवस्था नहीं की गई है।

इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से लगातार संपर्क करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सरपंच होमेश्वर साहू ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर मिट्टी डलवाने से गांव के लोगों को काफी राहत मिलेगी। साथ ही उपलब्ध मिट्टी का उपयोग भी जनहित में हो सकेगा। उन्होंने कलेक्टर से मामले में आवश्यक पहल कर संबंधित विभाग को निर्देशित करने का आग्रह किया, ताकि ग्रामीणों की समस्या का जल्द निराकरण हो सके।

मांग करने वालों में पंचगण लिलेश्वरी ध्रुव, अनिता साहू, दमयंतीन ध्रुव, विशाखा अग्रवाल, लिलेश्वर साहू, भुनेश्वरी साहू, परमानंद साहू, भूमिका साहू, द्रोपति नेताम, गुलाव साहू, नुतेश्वरी साहू, कुमारी बाई साहू, शैलेन्द्र नेताम, डेरहा राम यादव, नारायण सेन, गोविंद नगारची, शकुनतला साहू और यशोदा सिन्हा, विमला साहू। उपसरपंच जतिन साहू और पंचायत सचिव दीपक सोनकर शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767887 Articles

Share this story