मतांतरण के मामलों की जांच की मांग, हिंदू संगठन ने सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
मतांतरण के मामलों की जांच की मांग, हिंदू संगठन ने सौंपा ज्ञापन


धमतरी, 04 अक्टूबर (हि.स.)। टिकरापारा क्षेत्र में संचालित प्रार्थना सभाओं की गतिविधियों की जांच की मांग को लेकर रविवार को हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने पहले टिकरापारा मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद वे थाना सिटी कोतवाली पहुंचे। थाना प्रभारी राजेश जगत से चर्चा के दौरान एसडीएम से मुलाकात की मांग रखी गई। इसके बाद नायब तहसीलदार लोकेश साव थाना पहुंचे, जहां पदाधिकारियों ने अपनी मांगें रखीं और ज्ञापन सौंपा।

हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक पुरुषोत्तम निषाद, सह संयोजक चित्रेश साहू और सकल हिंदू समाज के प्रतीक सोनी ने कहा कि टिकरापारा में नियमित रूप से प्रार्थना सभाएं होने की जानकारी मिली है। उन्होंने सभाओं में शामिल लोगों की संख्या, उपलब्ध सूची और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कराने की मांग की। पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रार्थना सभाओं से जुड़े मामलों में मतांतरण की आशंका है। उन्होंने ऐसे मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के पालन की जांच तथा दो या अधिक लोगों के एक साथ मतांतरण से संबंधित गतिविधियों की स्थिति में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों का परीक्षण कराने की मांग की।

संगठन ने प्रार्थना सभा के लिए उपयोग किए जा रहे भवन के स्वीकृत उपयोग, आवश्यक अनुमतियों और बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से जुड़े नियमों की भी जांच की मांग की। साथ ही गतिविधियों से जुड़े वित्तीय लेनदेन की संबंधित सक्षम एजेंसी से जांच कराने का आग्रह किया। पदाधिकारियों ने कहा कि किसी की धार्मिक आस्था या उपासना में हस्तक्षेप करना उनका उद्देश्य नहीं है। प्रशासन से उपलब्ध तथ्यों का निष्पक्ष सत्यापन कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के डाकेश्वर साहू, मोनू साहू, कोमल सार्वा, दीपेश निर्मलकर, गुलशन निषाद, जनक साहू, आदित्य साहू, खिलेंद्र, भोज कुमार, विकास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story