प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना से वंचित वार्डवासियों ने मांगा पीएम आवास

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना से वंचित वार्डवासियों ने मांगा पीएम आवास


प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना से वंचित वार्डवासियों ने मांगा पीएम आवास


धमतरी, 26 मई (हि.स.)। धमतरी के लाल बगीचा वार्ड क्रमांक-तीन स्थित तूफान चौक के रहवासियों ने अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 के तहत आवास लाभ और भूमि का स्थायी पट्टा दिए जाने की मांग की है।

वार्ड की सुशीला बाई, सेवती बाई, कोमिन बाई सहित अन्य वार्डवासियों ने बताया कि वे पिछले 70 से 80 वर्षों से इस क्षेत्र में कच्चे मकानों में निवास कर रहे हैं, लेकिन आज तक उन्हें प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। बरसात के दिनों में जलभराव और जर्जर मकानों के कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि उनके घर अब टूटने-फूटने लगे हैं और इस बारिश में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। अधिकांश परिवार मजदूरी कर जीवनयापन करते हैं, जिसके कारण वे स्वयं पक्के मकान बनाने में सक्षम नहीं हैं।

वार्डवासियों ने मांग पत्र में उल्लेख किया कि, वे वर्षों से नियमित रूप से समेकित कर, नल टैक्स और बिजली बिल का भुगतान करते आ रहे हैं तथा शासन द्वारा उन्हें प्रधानमंत्री शौचालय निर्माण योजना का लाभ भी दिया जा चुका है, लेकिन आज तक उनकी काबिज भूमि का स्थायी पट्टा नहीं बनाया गया और न ही उन्हें भूस्वामी घोषित किया गया है। रहवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि उन्हें प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना 2.0 के बीएलसी घटक के तहत आवास उपलब्ध कराया जाए तथा उनकी भूमि का स्थायी पट्टा प्रदान कर भूस्वामी घोषित किया जाए। वार्डवासियों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story