स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग


जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने डीईओ में सौंपा ज्ञापन

धमतरी, 11 जुलाई (हि.स.)। नए शिक्षण सत्र की शुरुआत के साथ ही जिले के शासकीय एवं निजी स्कूलों में छात्रों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे को लेकर शनिवार को जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना एवं छत्तीसगढ़िया युवा क्रांति सेना ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल आवश्यक कदम उठाने की मांग की।

जिलाध्यक्ष निखलेश देवान व अन्य सदस्यों ने कहा किनए सत्र के बावजूद कई विद्यार्थियों को अब तक पाठ्यपुस्तकें और गणवेश उपलब्ध नहीं हो सके हैं, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। संगठन ने स्कूलों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, विशेषकर छात्राओं के लिए सुरक्षित और उपयोगी शौचालय, परिसर में उगी झाड़ियों की सफाई तथा सांप-बिच्छू सहित जहरीले जीव-जंतुओं के खतरे से बचाव के लिए नियमित कीटनाशक छिड़काव की मांग की। साथ ही जर्जर स्कूल भवनों की तत्काल मरम्मत, बिजली के खुले तारों को सुरक्षित करने और अग्निशमन उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

ज्ञापन सौंपने के दौरान गेंदालाल सिन्हा, सोमन राम, जिला महामंत्री डॉ. प्रेमुराम सिन्हा, भीमराज साहू, यशवंत साहू, दोषकुमार, पथराज सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी दी कि यदि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े इन गंभीर मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र हित में व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story