दीपका क्षेत्र में “धरा शक्ति” कार्यक्रम आयोजित, तकनीकी कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर

WhatsApp Channel Join Now
दीपका क्षेत्र में “धरा शक्ति” कार्यक्रम आयोजित, तकनीकी कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर


दीपका क्षेत्र में “धरा शक्ति” कार्यक्रम आयोजित, तकनीकी कार्यों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर


कोरबा, 12 मई (हि. स.)। एसईसीएल दीपका क्षेत्र द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं तकनीकी कार्यों में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आज मंगलवार काे ऑफिसर्स क्लब, दीपका क्षेत्र में “धरा शक्ति” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कोयला खनन क्षेत्र में कार्यरत महिलाओं को तकनीकी एवं परिचालन कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें कौशल विकास एवं प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना रहा।

यह पहल एसईसीएल के सीएमडी हरिश दुहान के मार्गदर्शन एवं निदेशक (कार्मिक) बिरांची दास के सतत सहयोग और प्रेरणा से आयोजित की गई।

कार्यक्रम का संचालन एसईसीएल मुख्यालय बिलासपुर द्वारा गठित समिति के माध्यम से किया गया, जिसकी अध्यक्षता महाप्रबंधक (कार्मिक/ईई) सुजाता रानी ने की। कार्यक्रम में समिति के अन्य सदस्य, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर दीपका क्षेत्र के महाप्रबंधक अशोक कुमार ने कार्यक्रम में शामिल होकर महिला कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने महिलाओं से तकनीकी प्रशिक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाकर कार्यक्षेत्र में अपनी भूमिका को और मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कुल 19 महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अधिकांश प्रतिभागियों ने तकनीकी एवं परिचालन कार्यों के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करने में रुचि दिखाई।

कार्यक्रम के दौरान समिति सदस्यों ने प्रतिभागियों के साथ संवाद स्थापित कर प्रेरणादायक संबोधन, काउंसलिंग सत्र एवं वीडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से आत्मविश्वास निर्माण, कौशल उन्नयन तथा खनन क्षेत्र में महिलाओं की अधिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

“धरा शक्ति” कार्यक्रम एसईसीएल की महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समावेशन एवं संगठन में समान अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story