सुशासन तिहार बना राहत का माध्यम: दीपक चंद राठौर को मिला तत्काल जाति प्रमाण पत्र

WhatsApp Channel Join Now
सुशासन तिहार बना राहत का माध्यम: दीपक चंद राठौर को मिला तत्काल जाति प्रमाण पत्र


जांजगीर-चांपा 1 जून (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मंशानुरूप आयोजित सुशासन तिहार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरा है। जिले में आयोजित जन समस्या निवारण शिविरों में लोगों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम भड़ेसर निवासी दीपक चंद राठौर को शिविर में तत्काल जाति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।

दीपक चंद राठौर को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा अन्य शासकीय कार्यों के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। प्रमाण पत्र के अभाव में उन्हें कई आवश्यक प्रक्रियाओं में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने अपनी समस्या के समाधान के लिए सुशासन तिहार के तहत आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में आवेदन प्रस्तुत किया।

शिविर में उपस्थित संबंधित अधिकारियों द्वारा आवेदन का परीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के बाद उन्हें मौके पर ही जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। जाति प्रमाण पत्र प्राप्त होने पर दीपक चंद राठौर ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से उनकी समस्या का समाधान सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से हुआ है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा शुरू की गई यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही है। अब आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान नहीं होना पड़ रहा है, बल्कि प्रशासन स्वयं नागरिकों तक पहुंचकर समस्याएं सुन रही है और उनका निराकरण कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story