पत्नी की मौत के बाद पति ने भी आत्महत्या करने की कोशिश

WhatsApp Channel Join Now
पत्नी की मौत के बाद पति ने भी आत्महत्या करने की कोशिश


धमतरी, 30 मई (हि.स.)। शारीरिक परेशानी के चलते एक नवविवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से सदमे में आकर मृतिका के पति ने भी उसी फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या करने कोशिश की, लेकिन स्वजन ने उन्हें बचा लिया। पति का उपचार अस्पताल में जारी है।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शहर के बांसपारा निवासी पुरुषोत्तम यादव का विवाह ग्राम पाहंदा निवासी दुर्गा के साथ करीब डेढ़ वर्ष पहले हुआ था। पत्नी दुर्गा को शारीरिक परेशानी थी, इसके चलते शनिवार सुबह दुर्गा यादव 21 वर्ष ने अपने घर में फांसी लगा ली। जब इस पर स्वजन की नजर पड़ी, तो फंदा से नीचे उतारकर उन्हें तत्काल उपचार के लिए मसीही अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी की मौत की खबर सुनने के बाद सदमे में आकर उनके पति पुरुषोत्तम यादव अस्पताल से घर पहुंचकर उसी फंदे में आत्महत्या करने की कोशिश की।

स्वजन ने तत्काल पुरूषोत्तम को फंदा से नीचे उतार कर वरदान एंबुलेंस से जिला अस्पताल धमतरी लाकर भर्ती कराया, जहां पर उपचार जारी है। इस मामले में सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि नवविवाहिता पत्नी की मौत के बाद पति सदमे में आकर आत्महत्या करने कोशिश किया, लेकिन उन्हें बचा लिया गया। स्वजन के अनुसार नवविवाहिता को पेट दर्द की समस्या थी और आज वह इलाज के लिए जाने वाली थी। मृतिका नवविवाहिता होने की वजह से न्यायिक मजिस्ट्रेट की देखरेख में शव पंचनामा व पोस्टमार्टम किया गया। आगे की जांच में पुलिस जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story