सूरजपुर के होटल की रसोई में मिला युवक का शव, मौत की परिस्थितियों को लेकर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now


सूरजपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के चंद्रपुर स्थित एक नाश्ता होटल में काम करने वाले युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार सुबह होटल के रसोई कमरे में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सागरपुर निवासी गोलू के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही होटल प्रबंधन ने शव को नीचे उतार लिया था।

जानकारी के अनुसार, पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के चंद्रपुर स्थित आदित्य होटल का है। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे होटल के कर्मचारी जब वहां पहुंचे तो रसोई कमरे में गोलू का शव मिला। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी होटल संचालक को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई कि होटल में काम करने वाले युवक ने फांसी लगा ली है।

बताया जा रहा है कि पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही शव को फंदे से नीचे उतार लिया गया था। युवक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन भी होटल पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार के लोग स्तब्ध रह गए।

होटल की रसोई में युवक का शव मिलने और पुलिस के पहुंचने से पहले ही उसे नीचे उतारे जाने को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता चल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759917 Articles

Share this story