महानदी पुल के नीचे मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 20 मार्च (हि.स.)। आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पारागांव में नेशनल हाईवे 53 पर महानदी पुल के नीचे आज शुक्रवार सुबह 18 वर्षीय युवक का शव मिल है। मृतक की पहचान ग्राम पारागांव निवासी प्रेमलाल पाल (उम्र 18 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आरंग पुलिस पहुंच शव काे कब्जे में लेकर पाेस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के शरीर में किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं है।

आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतक अपनी शारीरिक समस्याओं से परेशान था। मौत से पहले उसने अपने भाई को व्हाट्सएप में अपनी परेशानी को बताया है। जानकारी के अनुसार मृतक गुरुवार शाम को अपने दोस्त के साथ निकला था। निसदा मोड़ के पास मृतक प्रेमलाल पाल आइस्क्रीम खाने रुका था और उसका दोस्त वहां से निकल गया था।

प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। फिलहाल पुलिस हत्या के साथ-साथ आत्महत्या के भी एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story