ब्रेन हेमरेज से विधान राय का निधन, बेटी ने दी पिता को मुखाग्नि
बलरामपुर, 17 अगस्त (हि.स.)। जिले के रामानुजगंज नगर के वार्ड क्रमांक-1 निवासी विधान राय के निधन से परिवार सहित पूरे नगर में शोक का माहौल है। ब्रेन हेमरेज के बाद उनका रायपुर में उपचार चल रहा था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। रविवार को पार्थिव शरीर रामानुजगंज लाया गया। सोमवार को नगर के मुख्य मुक्तिधाम में परिजनों और नगरवासियों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया।
विधान राय के निधन की खबर मिलते ही उनके परिचितों और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में नगरवासी मुक्तिधाम पहुंचे और दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
विधान राय की दो बेटियां हैं। अंतिम संस्कार की मुख्य रस्म उनकी छोटी बेटी निशा राय ने पूरी की। निशा ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस भावुक क्षण को देखकर मुक्तिधाम में मौजूद परिजन और नगरवासी भावुक हो उठे।
पिता को अंतिम विदाई देती बेटी के दृश्य ने पूरे माहौल को गमगीन कर दिया। इस दौरान परिजनों ने नम आंखों से विधान राय को विदाई दी। मौजूद लोगों ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने की बात कही।
अंतिम संस्कार में नगर पालिका अध्यक्ष रमन अग्रवाल, पार्षद सुमित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए। सभी ने दिवंगत विधान राय को श्रद्धांजलि देते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

