सवा लाख दीयों से जगमगाएगा दंतेश्वरी मंदिर परिसर, शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान

WhatsApp Channel Join Now
सवा लाख दीयों से जगमगाएगा दंतेश्वरी मंदिर परिसर, शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान


सवा लाख दीयों से जगमगाएगा दंतेश्वरी मंदिर परिसर, शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान


जगदलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक एवं प्रशासनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जगदलपुर में 17 सितंबर की शाम काे सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से होगी। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर और सिरहासार चौक में एक साथ सवा लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

दीपों की रोशनी से दोनों प्रमुख स्थल जगमगाएंगे और शहर में उत्सव जैसा माहौल बनेगा। आयोजन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महापौर संजय पांडे ने साेमवार काे अधिकारियों से दीप प्रज्वलन, मंच, सुरक्षा, यातायात और लोगों की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

सवा लाख दीयों का एक साथ प्रज्वलन इस आयोजन का सबसे बड़ा आकर्षण रहेगा। मां दंतेश्वरी मंदिर की धार्मिक आस्था और सिरहासार चौक की सार्वजनिक भागीदारी को एक साथ जोड़कर कार्यक्रम की तैयारी की जा रही है। बड़ी संख्या में शहर वासियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर खास ध्यान दिया जा रहा है। आयोजन स्थल तक आने और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोगों की सुरक्षित आवाजाही के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर पूरे महीने चलेगा।

इस दौरान स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य शिविर, सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम और रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।अभियान के जरिए जनसेवा की गतिविधियों को समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने और लोगों को सामाजिक कार्यों से जोड़ने पर जोर रहेगा। महापौर के साथ कलेक्टर और एसपी ने भी दोनों आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। अधिकारियों को श्रद्धालुओं और शहरवासियों की सुविधा के साथ सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story