दही हांडी, गणेश स्थल सजावट और झांकी प्रतियोगिता को मिलेगा भव्य स्वरूप
विकास कार्यों के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को भी मिलेगा प्रोत्साहन : महापौर रामू रोहरा
धमतरी, 30 अगस्त (हि.स.)। आगामी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को लेकर नगर पालिक निगम धमतरी में रविवार काे महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में होने वाले दही हांडी उत्सव, गणेश स्थल सजावट एवं झांकी प्रतियोगिता सहित विभिन्न धार्मिक आयोजनों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजनों को भव्य, आकर्षक और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए नगर निगम की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने पर सहमति बनी।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम शहर के विकास कार्यों के साथ-साथ धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक आयोजनों को भी निरंतर प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने कहा कि विकास के साथ धार्मिक आयोजन भी होते रहेंगे। हमारी संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं और इन्हें संरक्षित करते हुए आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी समाजों और संगठनों से आपसी समन्वय, सद्भाव और भाईचारे के साथ आयोजनों को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर निगम के माध्यम से दही हांडी प्रतियोगिता, गणेश उत्सव के दौरान गणेश स्थलों की आकर्षक सजावट तथा भव्य झांकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही धार्मिक उत्सव के अवसर पर पालकी यात्रा और महाआरती जैसे कार्यक्रमों को भी शामिल किया जाएगा। आयोजनों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ ही धमतरी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया। बैठक में सर्व हिंदू समाज, सर्व हिंदू संगठन एवं श्री राम हिंदू संगठन के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए आयोजन में सहयोग की सहमति दी। प्रतिनिधियों ने कहा कि धमतरी की गौरवशाली धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए सभी समाज और संगठन मिलकर कार्य करेंगे।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में एकता, सद्भाव, भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं। नगर निगम द्वारा आयोजन के दौरान साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने आयोजनों को शांतिपूर्ण, अनुशासित और भव्य रूप से संपन्न कराने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
सर्व हिंदू समाज और श्री राम हिंदू संगठन के सहयोग से आगामी धार्मिक आयोजन धमतरी शहर में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला बनाने पर सहमति बनी। इस अवसर पर दीपक लखोटिया, अशोक पवार, हरविंदर छाबड़ा, दिलीप सोनी, नंदू जसवानी, शगुन पटेल, रमेश्वर यादव, प्रवीण साहू, प्रतीक सोनी, एमआईसी सदस्य विजय मोटवानी, श्याम लाल नेताम, अखिलेश सोनकर, पिंटू यादव, विभा चंद्राकर, पार्षदगण, एल्डरमैन सहित शहर के समाज प्रमुख और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

