जांजगीर-चांपा में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, कलेक्टर ने अधिकारियों को किया अलर्ट; महानदी किनारे के 25 गांवों पर नजर

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में चक्रवात ‘अर्नब’ का असर, कलेक्टर ने अधिकारियों को किया अलर्ट; महानदी किनारे के 25 गांवों पर नजर


जांजगीर-चांपा, 28 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कई क्षेत्रों में रिमझिम बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम की स्थिति और संभावित भारी बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने संबंधित अधिकारियों और आपदा प्रबंधन एवं बचाव दल को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है।

महानदी के जलस्तर में संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए नदी किनारे स्थित 25 प्रभावित गांवों पर विशेष नजर रखी जा रही है। कलेक्टर ने अधिकारियों को इन गांवों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और ग्रामीणों को मौसम संबंधी परिस्थितियों से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। यदि बारिश के कारण महानदी का जलस्तर बढ़ता है और गांवों में बाढ़ का खतरा उत्पन्न होता है, तो आवश्यकता के अनुसार प्रभावित गांवों को खाली कराने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी रखने को कहा गया है।

जिले में बारिश की आशंका को देखते हुए किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कृषि प्रधान जांजगीर-चांपा जिले में बड़ी संख्या में किसान धान की खेती करते हैं। प्रशासन ने किसानों से मौसम की स्थिति को देखते हुए पककर तैयार धान की कटाई फिलहाल टालने की अपील की है। जिन किसानों ने धान की कटाई कर ली है, उन्हें फसल को बारिश से बचाने के लिए सुरक्षित, ऊंचे और सूखे स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है, ताकि संभावित नुकसान को कम किया जा सके।

कलेक्टर ने अधिकारियों को मौसम और महानदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। यदि परिस्थितियां बिगड़ती हैं, तो विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता के अनुसार स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संभावित बाढ़ या जलभराव की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768542 Articles

Share this story