चक्रवात तूफान अर्नब से जिले में एक ही दिन में 42 मिमी औसत वर्षा

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात तूफान अर्नब से जिले में एक ही दिन में 42 मिमी औसत वर्षा


धमतरी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। वर्षाकाल समाप्त होने के बाद से जिले में बारिश थम गई थी, लेकिन बंगाल की खाड़ी में निर्मित अर्नब चक्रवात के असर के कारण पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही है। पूरे जिले में झड़ी वाला मौसम बना हुआ है। एक ही दिन में 42 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। वहीं लगातार बारिश से जिले के प्रमुख गंगरेल बांध में आठ हजार क्यूसेक पानी की आवक शुरू हो गई है।

अर्नब चक्रवात के असर से जिले में 28 अक्टूबर की सुबह से शुरू हुई बारिश लगातार हो रही है। दूसरे दिन 29 अक्टूबर को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह से रात तक रूक-रूककर बारिश होती रही। झड़ी वाला मौसम बना रहा, इससे जनजीवन प्रभावित रहा। बारिश से बचने लोग बरसाती व छतरी लेकर चलते रहे।

अर्नब चक्रवात के चलते जिले में 29 अक्टूबर को 42 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश जिले के कुकरेल तहसील में 54 मिमी हुई है। वहीं धमतरी में 48 मिमी, कुरूद में 28 मिमी, मगरलोड में 33 मिमी, नगरी में 52 मिमी, भखारा में 31 मिमी और बेलरगांव तहसील में 50 मिमी वर्षा हुई है। इस तरह वर्षाकाल और अभी दो दिनों से हो रही बारिश को जोड़ दें, तो जिले में एक जून से अब तक कुल 1343 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है। वहीं जिले में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से गंगरेल बांध में आठ हजार क्यूसेक पानी की आवक कैचमेंट क्षेत्र से हो रही है। इससे गंगरेल बांध का जलभराव अब 22 टीएमसी हो गया है। इसमें 17 टीएमसी पानी उपयोगी जल है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769088 Articles

Share this story