अकवान चक्रवात: ठंड बढ़ते ही अलाव का सहारा लेने लगे लोग

WhatsApp Channel Join Now
अकवान चक्रवात: ठंड बढ़ते ही अलाव का सहारा लेने लगे लोग


सुबह से रुक-रुककर हो रही बारिश, देवउठनी एकादशी पर बाजार में भीड़ रही कम

धमतरी, 20 नवंबर (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में उठे अकवान चक्रवात के प्रभाव से जिले में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शुक्रवार अलसुबह से ही रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और रिमझिम बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया है।

बेमौसम बारिश के चलते जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, वहीं तापमान में गिरावट आने से ठंड का एहसास बढ़ गया है। शुक्रवार सुबह तापमान करीब 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दोपहर एक बजे तक बढ़कर 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। इसके बावजूद वातावरण में ठंडक बनी रही। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हुई है। ठंड से बचने के लिए शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और दुकानों के सामने लोग अलाव तापते नजर आए। अंबेडकर चौक के आगे सड़क किनारे एक दुकान के पास लोगों ने अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने का प्रयास किया। शहर के अन्य इलाकों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। वहीं, जरूरी काम से घरों से बाहर निकले लोग छतरी और रेनकोट लेकर चलते नजर आए। बारिश के कारण सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई।

इधर, शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का पर्व होने के बावजूद मौसम की बेरुखी का असर बाजारों में देखने को मिला। पर्व को लेकर शहर में गन्ने की बिक्री सहित पूजन सामग्री और अन्य सामानों की खरीद-बिक्री के लिए बाजार में अच्छी भीड़ उमड़ने की उम्मीद थी, लेकिन सुबह से जारी बारिश के कारण बाजार में अपेक्षाकृत कम रौनक रही। शहर के चौक-चौराहों पर गन्ना बेचने पहुंचे विक्रेताओं को भी ग्राहकों का इंतजार करना पड़ा। कुल मिलाकर चक्रवात के असर से बदले मौसम ने एक ही दिन में ठंड का अहसास बढ़ा दिया और पर्व की बाजारों में होने वाली रौनक भी फीकी पड़ गई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780202 Articles

Share this story