बलरामपुर : छात्राओं की साइकिलों की गुणवत्ता जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : छात्राओं की साइकिलों की गुणवत्ता जांच शुरू


बलरामपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को बेहतर और सुरक्षित साइकिल उपलब्ध कराने के लिए आज गुरुवार जिले में साइकिलों का भौतिक सत्यापन किया गया। निरीक्षण के दौरान कई साइकिलों में फिटिंग और तकनीकी खामियां मिलने पर संबंधित फर्म को उन्हें जल्द दूर करने के निर्देश दिए गए।

रामचंद्रपुर विकासखंड के रामानुजगंज स्थित उड़ान केंद्र में अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम ने आईटीआई के तकनीकी सहायक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसी और संबंधित प्राचार्य की मौजूदगी में साइकिलों की गुणवत्ता, फिटिंग और मजबूती की जांच की। इस दौरान कई साइकिलों के पार्ट्स ढीले और कुछ पुर्जे क्षतिग्रस्त पाए गए।

अनुविभागीय अधिकारी ने संबंधित फर्म को दो दिनों के भीतर सभी कमियां दूर करने और खराब पुर्जे बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी खामियां दूर होने और दोबारा संतोषजनक सत्यापन के बाद ही छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया जाएगा।

इसी तरह राजपुर विकासखंड के स्वामी आत्मानंद स्कूल में भी अनुविभागीय अधिकारी देवेन्द्र प्रधान ने साइकिलों का निरीक्षण किया। यहां भी फिटिंग संबंधी कमियां मिलने पर उन्हें तत्काल सुधारने के निर्देश दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story