जांजगीर में 36 लाख के 120 गुम मोबाइल लौटाए, बच्चों ने रंगोली-चित्रकला से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर में 36 लाख के 120 गुम मोबाइल लौटाए, बच्चों ने रंगोली-चित्रकला से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश


जांजगीर में 36 लाख के 120 गुम मोबाइल लौटाए, बच्चों ने रंगोली-चित्रकला से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश


जांजगीर में 36 लाख के 120 गुम मोबाइल लौटाए, बच्चों ने रंगोली-चित्रकला से दिया साइबर सुरक्षा का संदेश


जांजगीर-चांपा, 02 अक्टूबर (हि. स.)। साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा 15 अगस्त से चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति’ अभियान का समापन 2 अक्टूबर को साइबर थाना जांजगीर में हुआ। समापन कार्यक्रम में स्कूली बच्चों के लिए साइबर सुरक्षा की थीम पर रंगोली, चित्रकला और मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से ऑनलाइन ठगी से बचाव और साइबर सुरक्षा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को मेमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। रंगोली प्रतियोगिता में अंशुका बंजारे और कंचन हंसराज की टीम ने प्रथम, नीतू रात्रे की टीम ने द्वितीय तथा दिव्यलता और रिंकी की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। चित्रकला प्रतियोगिता में रिया खूंटे प्रथम, विद्या कहरा द्वितीय तथा अंशिका देवांगन और खुशी देवांगन तृतीय स्थान पर रहीं।

अभियान के दौरान जिले के गांवों, शहरों, स्कूल-कॉलेजों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस ने लोगों को ओटीपी और यूपीआई पिन किसी से साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी से सावधान रहने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करने की जानकारी दी।

अभियान के समापन पर साइबर पुलिस ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी दर्ज की। साइबर थाना प्रभारी भास्कर शर्मा के नेतृत्व में गुम हुए 120 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस किए गए। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल खोने वाले लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई।

अभियान को सफल बनाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन और CSP जांजगीर योगिता बाली खापर्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story