बाजार में सीताफल की आवक शुरू, हाथोंहाथ खरीद रहे लोग

WhatsApp Channel Join Now
बाजार में सीताफल की आवक शुरू, हाथोंहाथ खरीद रहे लोग


बाजार में सीताफल की आवक शुरू, हाथोंहाथ खरीद रहे लोग


धमतरी, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शीत ऋतु के आगमन के साथ ही सर्दियों में मिलने वाले मौसमी फलों की आवक बाजार में शुरू हो गई है। धमतरी शहर के प्रमुख बाजारों के साथ चौक-चौराहों पर भी सीताफल की बिक्री होने लगी है। फिलहाल सीताफल 120 रुपये प्रति किलो की दर से बिक रहा है।

स्वाद और पौष्टिकता के लिए पसंद किए जाने वाले इस फल को लोग हाथोंहाथ खरीद रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से इसकी आवक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। ग्राम गट्टासिल्ली से सीताफल बेचने धमतरी पहुंचे प्रभु राम साहू ने बताया कि गांव में सीताफल की फसल तैयार होने लगी है। इस साल मौसम अनुकूल रहने के कारण अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। आवक बढ़ने के साथ ही बाजार में इसकी कीमतों में भी कमी आने की संभावना है।

धमतरी शहर के आसपास स्थित ग्राम बरारी भी सीताफल उत्पादन के लिए जाना जाता है। यहां कई बगीचे हैं, जिनकी हर साल बोली लगाई जाती है। बगीचे लेने वाले विक्रेता फसल तैयार होने के बाद अलग-अलग स्थानों पर सीताफल बेचते हैं। बरारी से भी सीताफल की शुरुआती आवक शुरू हो गई है। यहां के फलों की मांग धमतरी के अलावा रायपुर, दुर्ग और अन्य जिलों में भी रहती है। लोग स्वादिष्ट सीताफल अपने रिश्तेदारों तक भी भेजते हैं। बरारी के अलावा कांकेर, चारामा और जगदलपुर क्षेत्र से भी बड़ी मात्रा में सीताफल धमतरी के बाजारों में पहुंचता है। आने वाले दिनों में आवक बढ़ने के साथ बाजार में इसकी उपलब्धता बढ़ने और कीमतों में राहत मिलने की उम्मीद है।

आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. गुरुदयाल साहू के अनुसार, सीताफल पौष्टिक फल है, जिसमें शरीर के लिए उपयोगी पोषक तत्व पाए जाते हैं। हालांकि, सर्दी-जुकाम और कफ जैसी समस्याओं के उपचार में इसके उपयोग को लेकर चिकित्सकीय सलाह लेना उचित है। मौसमी फल होने के कारण सीताफल की मांग बढ़ने के साथ ही बाजार में इसकी बिक्री भी तेज होने लगी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story